ओमान (Oman) में सुरंग में पानी भरने से बिहार के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है| इस भीषण हादसे में गोपालगंज (Gopalganj) के दो और सीवान (Siwan) के चार मजदूर शामिल हैं| बताया जा रहा है कि ये सभी ओमान की शहीद अल सेबी कम्पनी (Shaheed Al Sebi Company) में पाइप लाइन बिछाने के दौरान हादसे के शिकार हुए हैं|
एक वर्ष पूर्व ओमान गया था सुनील-
आपको बता दें कि छह मृतकों में 28 वर्षीय सुनील भारती भी शामिल है| वह नगर थाना के मठिया गांव का रहने वाला था. सुनील एक साल पहले मस्कट के ओमान में काम के लिए गया था| वह ओमान के शहीद अल सेबी कम्पनी में पाइप लाइन बिछाने का काम करता था| मृतक के भांजे विशाल गिरी के मुताबिक वे कल अपने अन्य साथियों के साथ सुरंग में पाइप लाइन बिछा रहे थे| इसी दौरान अचानक सुरंग की दूसरी तरफ से पानी भरने लगा, जिसकी वजह से सुनील भारती सहित छह मजदूरों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गयी|
गांव में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी भी अपने मायके से मठिया गांव में पहुंच गयी| जबकि मृतक सुनील भारती की मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है| परिजनों के मुताबिक इस हादसे में गोपालगंज के सुनील के अलावा उचकागांव थानाक्षेत्र के बड़कागांव के एक युवक और सीवान के चार युवकों की मौत हुई है| हालांकि परिजनों को अन्य मृतकों के नाम और अन्य जानकारी नहीं है|