मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य आशा सिंह का चंदौसी-अलीगढ़ मार्ग पर सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। बता दें कि आशा सिंह की कार रविवार को अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई थी। पुलिस ने बताया कि कार तेज गति से चलाई जा रही थी और संभवत: चालक को झपकी आ गई होगी, जिसके चलते पेड़ से टकराने की घटना हुई।
उधर, सर्कल अधिकारी के.के. सरोज ने कहा कि, “आशा सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
वहीं कार चालक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया और आशा सिंह के भाई पुष्पेंद्र दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। वे राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे।