नई दिल्ली। कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी हो रही है, कश्मीर के श्रीनगर में भारी बर्फ गिरी और पर्यटक खुश नजर आए तो वहीं एलओसी पर सेना के दो जवान शहीद हो गए।
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से 30 सड़कें बंद, 55 बस रूट प्रभावित
हिमाचल में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के चलते गुरुवार को प्रदेश में 30 सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। इन सड़कों पर मलबा गिरने से परिवहन निगम के 55 रूट प्रभावित हुए हैं। दोपहर बाद कुछ सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया। हिमाचल में मौसम खराब के चलते खड़ापत्थर, नारकंडा, बल्देयां से तत्तापानी जाने वाली सड़कों में जगह-जगह पहाड़ियों से पत्थर गिरते रहे।
उत्तराखंड में भी सीजन की पहली बर्फबारी
उत्तराखंड में भी स्थिति यही रही, गंगोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया। वहीं, यमुनोत्री धाम में भी कोहरा छाया हुआ है। दोपहर बार केदारनाथ धाम में भी बर्फबारी से ठंड बढ़ गई। निचले इलाकों में रिमझिम बारिश भी शुरू हो गई है। बता दें कि मौसम विभाग ने चमोली, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में 24 घंटों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट भी जारी किया है।
कश्मीर में हिमस्खलन में दो जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर में बुधवार की रात को मौसम ने करवट ली। देर रात हुई बर्फबारी और भीषण बारिश से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुपवाड़ा में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे कैंप इलाके में हिमस्खलन हुआ। जिसमें दो जवान दब गए। सेना जब तक उन्हें निकालती तब तक दोनों जवान वीरगति को प्राप्त हो चुके थे। शहीद जवान अखेलिश कुमार पटेल मध्य प्रदेश के रेवा जिले के गोंडारी गांव के निवासी थे। वहीं एक अन्य शहीद जवान भीम बहादुर उत्तराखंड के देहरादून निवासी थे।
– एजेंसी
The post कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, हिमस्खलन में दो जवान शहीद appeared first on updarpan.com.